Translate

जितपुर खनन परियोजना से बदलेगी युवाओं की तक़दीर, एलएमवी ड्राइविंग प्रशिक्षण की शुरुआत

जितपुर खनन परियोजना से बदलेगी युवाओं की तक़दीर, एलएमवी ड्राइविंग प्रशिक्षण की शुरुआत

*युवाओं को मिला रोजगार का नया रास्ता, पहला बैच रवाना*

— 21 दिन के प्रशिक्षण के लिए 17 युवक चयनित

— अगले चरण में महिलाओं को ई-टोटो देकर स्वरोजगार से जोड़ने की योजना

*सुंदरपहाड़ी (गोड्डा)।* कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व के तहत सुंदरपहाड़ी स्थित जितपुर खनन परियोजना क्षेत्र के युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक अहम पहल की गई है। पहली बार यहां लाइट मोटर व्हीकल ड्राइविंग प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत की गई है, जिसका उद्देश्य स्थानीय युवाओं को रोजगारोन्मुखी कौशल प्रदान करना है।

यह प्रशिक्षण दक्षता मोटर ड्राइविंग स्कूल, गोड्डा के सहयोग से संचालित किया जा रहा है। प्रथम बैच के तहत 17 प्रतिभागियों को 21 दिवसीय एलएमवी ड्राइविंग प्रशिक्षण के लिए रवाना किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ जितपुर पंचायत की मुखिया मेरी मार्गेट हेंब्रम की गरिमामयी उपस्थिति में किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ क्षेत्र के सामाजिक-आर्थिक विकास में भी सहायक सिद्ध होंगे।

टेरी माइनिंग के परियोजना प्रमुख रितेश कुमार तिवारी ने बताया कि आगामी चरण में परियोजना प्रभावित परिवारों की महिलाओं को आजीविका से जोड़ने के लिए तीन ई-टोटो उपलब्ध कराए जाने की योजना भी बनाई गई है।

स्थानीय लोगों ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे युवाओं और महिलाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करने वाला कदम बताया।

मौके पर टेरी माइनिंग लिमिटेड की सीएसआर टीम से अनिरुद्ध दास और संतोष कुमार, जबकि भूमि–राजस्व टीम से सदानंद सिंह, राजू सिंह, सुषमा सोरेन, अजीत झा, अभिषेक, बासुदेव और गायत्री उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments