टीम बोकारो - सदैव प्रतिबद्ध, सदैव एकजुट: उपायुक्त
===================
उपायुक्त श्री अजय नाथ झा ने सभी कर्मियों - जनप्रतिनिधियों को दी बधाई
===================
रामनवमी के पावन अवसर पर बोकारो जिला में निकले सभी जुलूस शुक्रवार देर रात शांति, सौहार्द और गरिमा के साथ संपन्न हुए। यह हम सभी के लिए गर्व और संतोष का विषय है।
प्रशासनिक समर्पण और उत्कृष्ट समन्वय
उपायुक्त ने कहा कि इस सफलता के पीछे पुलिस अधीक्षक, दोनों अनुमंडल पदाधिकारी सहित सभी दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, पुलिस जवान, होमगार्ड, चौकीदार एवं स्वयंसेवकों की अथक मेहनत, समर्पण और सजगता है। आप सभी ने अपनी-अपनी पूजा को छोड़कर दिन-रात ड्यूटी निभाते हुए न केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखी, बल्कि “टीम बोकारो” की एकता, अनुशासन और प्रतिबद्धता का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है। यह प्रयास केवल प्रशासनिक दायित्व नहीं, बल्कि समाज के प्रति आपकी गहरी निष्ठा और सेवा भावना को दर्शाता है।
जन सहभागिता और जन प्रतिनिधियों का योगदान
उन्होंने सभी अखाड़ा समितियों, शांति समिति के सदस्यों तथा जिले के सभी माननीय विधायकों सहित सभी जनप्रतिनिधियों को भी बधाई दी।
भगवान श्रीराम के जीवन का सबसे महत्वपूर्ण संदेश है-धर्म, मर्यादा और कर्तव्य के प्रति अडिग रहना, चाहे परिस्थितियाँ कितनी भी चुनौतीपूर्ण क्यों न हों।
पेटरवार घटना: त्वरित राहत और उपचार
उपायुक्त ने कहा कि अपवाद स्वरूप पेटरवार के खेतको में हुई एक दुखद घटना में विद्युत करंट के कारण 7 लोगों को बहुत मामूली चोट (2-3% बर्न) आई है। उन्हें बोकारो जनरल अस्पताल (बीजीएच) में ऑब्जर्वेशन के लिए रखा गया है और आज वे घर जा सकेंगे। स्थानीय प्रशासन, पुलिस और माननीय स्थानीय विधायक, बेरमो द्वारा ससमय और तत्परता से राहत प्रदान की गई। घायलों को ग्रीन कॉरिडोर की तरह शीघ्र अस्पताल पहुंचाया गया।
अंत में उपायुक्त श्री अजय नाथ झा ने सभी को हृदय से धन्यवाद दिया और “टीम बोकारो” के प्रत्येक सदस्य को इस उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई दी।
कहा कि इसी समर्पण और एकजुटता के साथ हम आगे भी हर चुनौती का सफलतापूर्वक सामना करेंगे।



0 Comments