Translate

बोकारो कर संवाद कॉन्क्लेव 2026 में शामिल हुए उपायुक्त, राष्ट्रहित पर दिया जोर

बोकारो कर संवाद कॉन्क्लेव 2026 में शामिल हुए उपायुक्त, राष्ट्रहित पर दिया जोर

===================

चार्टर्ड अकाउंटेंट्स से कहा - पारदर्शिता, नैतिकता और राष्ट्रहित को दें सर्वोच्च प्राथमिकता

===================

टैक्स भुगतान को राष्ट्र निर्माण में योगदान बताते हुए पेशेवर मूल्यों को अपनाने का किया आह्वान

===================

बी.एस.सिटी सेक्टर-04 स्थित रसियन कॉलोनी के मंगलम सभागार में आयोजित बोकारो कर संवाद कॉन्क्लेव-2026 में उपायुक्त (डीसी) श्री अजय नाथ झा शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने चार्टर्ड अकाउंटेंट्स, कर विशेषज्ञों एवं प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि इस तरह के संवाद से सार्थक निष्कर्ष निकलने चाहिए, ताकि समाज, कर व्यवस्था और राष्ट्रहित को मजबूती मिल सके।

कर व्यवस्था राष्ट्र निर्माण की आधारशिला

उपायुक्त ने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था की बुनियाद कर व्यवस्था पर टिकी है।

शासन-प्रशासन के संचालन से लेकर विकास योजनाओं के क्रियान्वयन तक टैक्स की अहम भूमिका है। ऐसे में चार्टर्ड अकाउंटेंट्स की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है कि वे अपने पेशेवर दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी और नैतिकता के साथ करें।

उन्होंने कहा कि हर कोई कर भार कम करने की सोच रखता है, लेकिन कर सलाहकारों का दायित्व केवल टैक्स बचाने तक सीमित नहीं है, बल्कि राष्ट्रहित को केंद्र में रखकर सही परामर्श देना भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने गलत प्रथाओं, शेल कंपनियों और वित्तीय गड़बड़ियों को बढ़ावा नहीं देने की अपील करते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रवृत्तियां देश की आर्थिक बुनियाद पर कुठाराघात करती हैं।

कर भुगतान को राष्ट्र निर्माण में योगदान बताएं

उपायुक्त ने कहा कि अपने क्लाइंट्स (कर-दाताओं) को यह समझाएं कि टैक्स भुगतान देश के प्रति योगदान और गर्व का विषय है। उनके योगदान से ही देश विकास, वैज्ञानिक उपलब्धियों और अंतरिक्ष कार्यक्रमों में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने सभी पेशेवरों से स्वयं को लगातार अपडेट रखने, पारदर्शिता बनाए रखने और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को प्रोत्साहित नहीं करने का आह्वान किया।

एथिक्स और वैल्यूज सफलता का आधार

उपायुक्त ने कहा कि जीवन और पेशे में मूल्यों एवं नैतिकता का विशेष महत्व है। सत्य के मार्ग पर संघर्ष अवश्य होता है, लेकिन उससे मिलने वाली संतुष्टि अनमोल होती है। उन्होंने कहा कि देश सबसे पहले की भावना के साथ कार्य करना ही सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

स्पीकरों द्वारा साझा किए गए विचारों को गंभीरता से सुनने और शंकाओं का समाधान कर सार्थक जीवन मूल्यों को अपनाने की अपील किया।

देशहित सर्वोपरि, सभी मिलकर करें योगदान

अंत में उपायुक्त ने सभी से मिलकर देश को मजबूत बनाने की दिशा में योगदान देने का आह्वान किया।

मौके पर एडवोकेट अखिलेश कुमार, एडवोकेट डॉ. बी. गिरी, एडवोकेट अजय कुमार, एडवोकेट नीरज नायक, सीए सौरभ सुरेश, सीए श्री जय शंकर जयपुरिया, आंचल कपूर समेत अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।


Post a Comment

0 Comments