दिए गए दायित्वों का सही से करें निर्वहन, नहीं हो कोई चूक - बोकारो की साख बनाएं रखेंः उपायुक्त
===================
कदाचार रहित – शांतिपूर्ण माहौल में नीट (यूजी) परीक्षा का करें आयोजन, राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एन.टी.ए) द्वारा जारी गाइडलाइन का सभी अक्षरशः करें अनुपालन
===================
परीक्षार्थी परीक्षा केंद्र पर केवल एडमिट कार्ड व आइडी कार्ड लेकर पहुंचें, पूर्वाह्न 11.00 से 1.30 बजे तक ही प्रवेश की अनुमति
===================
जिले के सभी 08 परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में तैनात रहेंगे वरीय पदाधिकारी, दंडाधिकारी एवं पुरूष - महिला पुलिस बल
===================
समाहरणालय सभागार में नीट (यूजी) को लेकर नोडल पदाधिकारी, सभी केंद्राधीक्षकों, सिटी कार्डिनेटर, प्रतिनियुक्त वरीय पदाधिकारी, दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, संबंधित बीडीओ-सीओ आदि के साथ उपायुक्त श्री अजय नाथ झा एवं पुलिस अधीक्षक श्री नाथू सिंह मीना ने की बैठक, दिया जरूरी दिशा – निर्देश
===================
समाहरणालय सभागार में गुरुवार को उपायुक्त श्री अजय नाथ झा एवं पुलिस अधीक्षक श्री नाथू सिंह मीना ने संयुक्त रूप से आगामी 03 मई 2026 को आयोजित होने वाले नीट (यूजी) परीक्षा 2026 की तैयारियों को लेकर बैठक की। मौके पर उप विकास आयुक्त श्रीमती शताब्दी मजूमदार, अपर समाहर्ता मो. मुमताज अंसारी, वरीय नोडल पदाधिकारी डीपीआरओ मो. सफीक आलम, अनुमंडल पदाधिकारी बेरमो श्री मुकेश मछुआ, डीईओ श्री जगरनाथ लोहरा, सिटी कार्डिनेटर सह केंद्रीय विद्यालय नंबर वन सेक्टर 04 बोकारो के प्राचार्य श्री मनोज कुमार समेत सभी प्रतिनियुक्त वरीय पदाधिकारी, दंडाधिकारी, संबंधित बीडीओ - सीओ, केंद्राधीक्षक आदि उपस्थित थे।
उपायुक्त ने अपने संबोधन में कहा कि नीट (यूजी) परीक्षा 2026 का संचालन कदाचार रहित एवं शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराना जिला प्रशासन का दायित्व हैं और इसको लेकर वरीय पदाधिकारियों, दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों को *जो दायित्व दिया गया है, उसका निर्वहन करेंगे, कहीं कोई चूक नहीं हो। परीक्षा केन्द्रों के प्रवेश द्वार पर प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी परीक्षा के दिन केवल परीक्षार्थी, परीक्षा से जुड़े अधिकारियों, एनटीए अधिकारियों और डीएलसीसी सदस्यों को ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति देंगें।
उन्होंने परीक्षा को लेकर राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एन.टी.ए) द्वारा जारी गाइडलाइन का अक्षरशः कड़ाई से अनुपालन संबंधित सभी पदाधिकारी – कर्मियों/केंद्राधीक्षकों को सुनिश्चित करने को कहा।
उपायुक्त ने जिले के परीक्षा केंद्रों में शामिल होने वाले परीक्षार्थियों से अपील किया है कि वह भी एनटीए के गाइडलाइन का अनुपालन करें। परीक्षा केंद्रों में प्रवेश 03 मई 2026 को पूर्वाह्न 11.00 बजे से शुरू हो जाएगा, जो अपराह्न 1.30 बजे तक जारी रहेगा। अपराह्न 1.30 बजे के बाद किसी भी परिस्थिति में परीक्षा केंद्रों में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। ऐसे में परीक्षार्थियों से अपील है कि वह भोजन करके ससमय केंद्र में प्रवेश करेंगे
परीक्षार्थी अपने साथ केवल परीक्षा का एडमिट कार्ड,पासपोर्ट साइज फोटो एवं कोई भी एक पहचान पत्र (आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस आदि) साथ लाएंगें। परीक्षार्थी अपने साथ लिखने के लिए कलम (पेन) भी नहीं लाएंगे। परीक्षा कक्ष में ही उन्हें एन.टी.ए. द्वारा उपलब्ध कलम (पेन) उपलब्ध कराया जाएगा।
कक्ष में अनुशासन बनाए रखने पर दिया जोर
उपायुक्त ने केंद्राधीक्षकों को स्पष्ट निर्देश दिया कि परीक्षा कक्ष में किसी भी प्रकार की अनावश्यक बातचीत नहीं हो। उन्हें वीक्षकों को निर्देशित करने को कहा गया कि वे परीक्षा के दौरान पूर्ण अनुशासन बनाए रखें।
वहीं, पुलिस अधीक्षक श्री नाथू सिंह मीना ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था के तहत सभी केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में पुरुष एवं महिला पुलिस बल प्रतिनियुक्त किया गया है। एचएचएमडी (हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर) के साथ परीक्षार्थियों की फिस्कींग के लिए भी अलग – अलग टीम तैनात रहेगी। प्रश्नपत्र – ओएमआर सीट को परीक्षा केंद्र ले जाने में किसी भी तरह की कोई लापरवाही नहीं बरतेंगे। उन्होंने परीक्षा से पूर्व क्षेत्र के सभी होटल - लाज की सघन जांच/छापेमारी को कहा। इसके अलावा कई अन्य बिंदुओं पर भी विचार – विमर्श कर जरूरी दिशा-निर्देश द्वय पदाधिकारियों ने दिया।
मौके पर सिटी कार्डिनेटर सह केंद्रीय विद्यालय नंबर वन सेक्टर 04 बोकारो के प्राचार्य श्री मनोज कुमार ने नीट (यूजी) परीक्षा से संबंधित गाइडलाइन/तैयारियों के संबंध में बिंदुवार पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से सभी प्रतिनियुक्त वरीय पदाधिकारी, दंडाधिकारी, केंद्राधीक्षक, पुलिस पदाधिकारी को बताया।
बैठक में मुख्यालय डीएसपी श्री अनिमेश गुप्ता, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री रवि कुमार, ट्रैफिक डीएसपी विद्या शंकर, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह समेत सभी दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, दंडाधिकारी व अन्य उपस्थित थे।
परीक्षार्थियों को किसी भी परिस्थिति में परीक्षा केंद्र के अंदर निम्नलिखित वस्तुओं को ले जाने की अनुमति नहीं हैः-
- कोई भी स्टेशनरी आइटम जैसे पाठ्य सामग्री (मुद्रित या लिखित), कागज के टुकड़े, ज्यामिति/पेंसिल बॉक्स, प्लास्टिक पाउच, कैलकुलेटर, स्केल, राइटिंग पैड, पेन ड्राइव, इरेज़र, कैलकुलेटर, लॉग टेबल, इलेक्ट्रॉनिक पेन/स्कैनर आदि।
- कोई भी संचार उपकरण जैसे मोबाइल फोन, ब्लूटूथ, इयरफ़ोन,माइक्रोफ़ोन, पेजर, हेल्थ बैंड आदि।
- अन्य आइटम जैसे वॉलेट, गॉगल्स, हैंडबैग, बेल्ट, कॉप आदि।
- कोई भी घड़ी/कलाई घड़ी, ब्रेसलेट, कैमरा, आदि।
- कोई भी आभूषण।
- कोई भी खुली या पैक की हुई खाद्य सामग्री आदि।
- कोई अन्य वस्तु जिसका अनुचित साधनों के लिए उपयोग किया जा सकता है, संचार उपकरण जैसे माइक्रोचिप, कैमरा, ब्लूटूथ डिवाइस आदि को छिपाकर।
- यदि किसी उम्मीदवार के पास केंद्र के अंदर कोई भी प्रतिबंधित वस्तु पाई जाती है, तो इसे अनुचित साधनों का उपयोग माना जाएगा और कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी हो कि, नीट परीक्षा को लेकर जिले में 08 परीक्षा केंद्र क्रमशः केंद्रीय विद्यालय नंबर वन सेक्टर फोर, श्री महावीर जी प्लस टू हाई स्कूल बिजुलिय़ा, डिस्ट्रिक्ट रामरूद्रा सीएम एसओई चास बोकारो, सर्वोदय प्लस टू विद्यालय पिंड्राजोरा, प्लस टू हाई स्कूल पेटरवार, पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय नंबर 03, केंद्रीय विद्यालय सीटीपीएस चंद्रपुरा बोकारो एवं अपग्रेडेड राजकीयकृत प्लस टू हाई स्कूल लकरखंदा को बनाया गया है।







0 Comments