Translate

लू एवं गर्म हवाओं से बचाव को लेकर स्वास्थ्य विभाग की अपील, सावधानी ही सुरक्षा

लू एवं गर्म हवाओं से बचाव को लेकर स्वास्थ्य विभाग की अपील, सावधानी ही सुरक्षा

=================== 

ओआरएस - पर्याप्त पानी - हल्के वस्त्र और धूप से बचाव अपनाने की दी गई सलाह

=================== 

भीषण गर्मी एवं लू के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग, झारखंड सरकार तथा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत आमजनों के लिए एडवाइजरी जारी की गई है। विभाग ने कहा है कि तेज धूप और गर्म हवाओं का शरीर पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है, इसलिए सावधानियां अपनाकर हीट स्ट्रोक और लू से बचा जा सकता है।

जारी अपील में कहा गया है कि गर्मी के मौसम में अधिक से अधिक पानी पीना चाहिए तथा घर से बाहर निकलते समय शरीर को पूरी तरह ढ़ककर निकलना चाहिए। हल्के रंग के ढीले-ढाले सूती वस्त्र पहनने, धूप का चश्मा उपयोग करने, तौलिया या गमछा रखने तथा जूते-चप्पल पहनने की सलाह दी गई है।

ओआरएस घोल के उपयोग पर विशेष जोर

लू एवं गर्मी के कारण शरीर में पानी की कमी, उल्टी, तेज बुखार, कमजोरी, सिर दर्द, चक्कर आना तथा हृदय एवं मस्तिष्क संबंधी जटिलताएं उत्पन्न हो सकती हैं। ऐसे में ओआरएस घोल के उपयोग को अत्यंत प्रभावी बताया गया है। विभाग ने बताया कि एक लीटर स्वच्छ पानी में ओआरएस का पूरा पैकेट घोलकर थोड़े-थोड़े अंतराल पर प्रभावित व्यक्ति को देना चाहिए। तैयार घोल 24 घंटे के बाद उपयोग नहीं करना चाहिए। ओआरएस पैकेट निकटतम सरकारी अस्पताल, स्वास्थ्य उपकेन्द्र एवं सहिया के पास निःशुल्क उपलब्ध है।

घरेलू पेय एवं मौसमी फलों के सेवन की सलाह

स्वास्थ्य विभाग ने नमक-चीनी का घोल, छाछ, नींबू पानी, लस्सी, आम का शर्बत जैसे पेय पदार्थों के साथ तरबूज, खरबूजा, खीरा एवं ककड़ी जैसे मौसमी फलों के नियमित सेवन की सलाह दी है, जिससे शरीर में पानी की कमी नहीं हो।

लू लगने पर प्राथमिक उपचार जरूरी

यदि किसी व्यक्ति को लू लग जाए तो उसे तुरंत छांव में लिटाएं, तंग कपड़े ढीले करें अथवा हटा दें, ठंडे गीले कपड़े से शरीर पोछें या ठंडे पानी से नहलाएं। यदि एक घंटे तक स्थिति में सुधार नहीं हो तो तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाने को कहा गया है।

104 हेल्पलाइन पर लें स्वास्थ्य संबंधी जानकारी

स्वास्थ्य विभाग ने आमजनों से किसी भी स्वास्थ्य संबंधी जानकारी या शिकायत के लिए 24x7 निःशुल्क राज्य हेल्पलाइन नंबर 104 (टॉल फ्री) पर संपर्क करने की अपील की है। विभाग ने कहा है कि सावधानी और जागरूकता ही लू से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है। 

Post a Comment

0 Comments