बेटियां बोझ नहीं, वरदान हैं... दूसरे बेटियों के लिए प्रेरणा बनों: उपायुक्त
===================
इंटरमीडिएट आर्ट्स में बोकारो की छात्रा छोटी कुमारी बनी राज्य टॉपर
===================
कसमार प्रखंड के प्लस टू हाई स्कूल हरनाद की छात्रा ने जिले का नाम किया रोशन, उपायुक्त ने दी बधाई
===================
तुमने जिले का नाम रोशन किया है, तुम्हें बहुत आगे जाना है… बेटियां बोझ नहीं, बल्कि वरदान हैं। बुधवार को - इसी संदेश के साथ उपायुक्त (डीसी) श्री अजय नाथ झा ने व्हाट्सएप वीडियो कॉल के माध्यम से बोकारो की छात्रा छोटी कुमारी को बधाई दी।
जिले के लिए यह अत्यंत गर्व का क्षण है कि प्लस टू हाई स्कूल हरनाद की छात्रा छोटी कुमारी ने इंटरमीडिएट (आर्ट्स) परीक्षा में राज्य स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त कर पूरे जिले का मान बढ़ाया है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि से *जिले में खुशी एवं उत्साह का माहौल है।
उपायुक्त ने दी बधाई, बताया प्रेरणादायक उपलब्धि
उपायुक्त (डीसी) ने छोटी कुमारी को इस उत्कृष्ट सफलता के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि छोटी के कठिन परिश्रम - अनुशासन एवं लगन का परिणाम है और जिले के अन्य बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत है।
उपायुक्त ने व्हाट्सएप वीडियो कॉल के माध्यम से छोटी कुमारी से कहा कि आज का दिन तुम्हारे परिवार और पूरे जिले के लिए गौरव का क्षण है। तुम बोकारो की प्राउड बेटी हो। तुम्हें अन्य बेटियों के लिए मील का पत्थर बनना है और यह साबित करना है कि बेटियां बोझ नहीं, बल्कि वरदान हैं।
कहा कि, सफलता के लिए कड़ी मेहनत ही एकमात्र रास्ता है, कोई शॉर्टकट नहीं होता।
छात्रा ने सफलता का श्रेय परिवार व शिक्षकों को दिया
छोटी कुमारी ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों एवं नियमित अध्ययन को दिया। उसने कहा कि वह आगे उच्च शिक्षा प्राप्त कर समाज के विकास में सकारात्मक योगदान देना चाहती है।
सभी टॉप-10 विद्यार्थियों को भी मिली बधाई
वहीं, उपायुक्त ने आर्ट्स, साइंस एवं कॉमर्स संकाय के जिला टॉप-10 में शामिल सभी छात्र-छात्राओं को भी बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि सभी विद्यार्थी आगे भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले एवं राज्य का नाम रोशन करें।
डीसी के निर्देश पर डीईओ ने घर जाकर दी बधाई
उधर, उपायुक्त के निर्देश पर जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) श्री जगरनाथ लोहारा ने छोटी कुमारी के घर पहुंचकर उसे इस उपलब्धि पर बधाई दी एवं पुष्प गुच्छ भेंट कर उज्ज्वल भविष्य की कामना की।



0 Comments