विद्यालयों में नामांकित विद्यार्थियों के शत-प्रतिशत आच्छादन एवं पोषण गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिए जाए।:-उपायुक्त
समाहरणालय स्थित सभागार में जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त, गोड्डा श्री लोकेश मिश्रा की अध्यक्षता में प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण (पीएम पोषण) योजना अंतर्गत जिला स्तरीय स्टीयरिंग-सह-मॉनिटरिंग समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में योजना के प्रभावी क्रियान्वयन, विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने तथा विद्यालयों में शत-प्रतिशत आच्छादन सुनिश्चित करने से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई।*
*बैठक के दौरान वित्तीय वर्ष 2026-27 में तिथि भोजन (विशेष भोजन) के आयोजन के संबंध में विचार-विमर्श किया गया। बैठक में योजना के सतत अनुश्रवण हेतु शत-प्रतिशत प्रखंड स्तरीय स्टीयरिंग-सह-मॉनिटरिंग समिति की नियमित बैठक आयोजित करने पर बल दिया गया। उपायुक्त ने कहा कि योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए नियमित समीक्षा एवं मॉनिटरिंग अत्यंत आवश्यक है। इसके लिए सभी प्रखंडों में समयबद्ध रूप से बैठकें आयोजित की जाएं तथा उनकी कार्यवाही की रिपोर्ट जिला स्तर पर उपलब्ध कराई जाए।*
*बैठक में विभाग द्वारा संचालित शिक्षा सारथी कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यालयों में विद्यार्थियों के आच्छादन में वृद्धि एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने हेतु आगामी कार्ययोजना की समीक्षा की गई।*
*उपायुक्त ने विद्यालयों में नियमित उपस्थिति बढ़ाने एवं ड्रॉपआउट विद्यार्थियों को पुनः विद्यालय से जोड़ने के लिए विशेष प्रयास करने का निर्देश दिया।*
*पीएम पोषण (मध्याह्न भोजन) योजना अंतर्गत कार्यरत रसोइया-सह-सहायिकाओं को आयुष्मान भारत-मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना से आच्छादित किए जाने के संबंध में भी विचार-विमर्श किया गया। उपायुक्त ने पात्र सभी रसोइया-सह-सहायिकाओं को स्वास्थ्य बीमा योजना का लाभ उपलब्ध कराने हेतु आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।*
*बैठक में विद्यालयों में नामांकित शत-प्रतिशत विद्यार्थियों के विरुद्ध वास्तविक आच्छादन में वृद्धि सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। उपायुक्त ने कहा कि किसी भी पात्र विद्यार्थी को योजना के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए। इसके लिए विद्यालय स्तर पर नियमित निगरानी एवं सत्यापन सुनिश्चित किया जाए।*
*बैठक में उप विकास आयुक्त, गोड्डा श्री विस्पुते श्री कांत यशवंत ,अध्यक्ष नगर पंचायत महागामा श्री प्रबोध सोरेन ,सिविल सर्जन गोड्डा डॉ0 एससी शर्मा, जिला शिक्षा पदाधिकारी गोड्डा श्रीमती मिथिला टुडू, जिला शिक्षा अधीक्षक, गोड्डा श्री दीपक कुमार,जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (पीएम पोषण) सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित थे।*


0 Comments