पुलिस अधीक्षक, बोकारो के निर्देशानुसार आज सरदार पटेल स्कूल, सेक्टर-9 में मादक निषेध एवं नशामुक्ति जागरूकता अभियान का आयोजन सिटी डीएसपी श्री राजीव रंजन के निर्देशन में किया गया। इस अवसर पर हरला थाना प्रभारी श्री खुर्शीद आलम ने विद्यार्थियों को तंबाकू, बीड़ी, सिगरेट, गांजा एवं अन्य मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नशीले पदार्थों का सेवन व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक स्वास्थ्य को गंभीर रूप से प्रभावित करता है। इससे कैंसर, हृदय एवं फेफड़ों की बीमारियाँ, स्मरण शक्ति में कमी, अवसाद, पढ़ाई में गिरावट, आर्थिक नुकसान, पारिवारिक कलह तथा अपराध की प्रवृत्ति बढ़ने जैसी समस्याएँ उत्पन्न हो सकती हैं।
कार्यक्रम के दौरान सिटी डीएसपी श्री राजीव रंजन ने छात्र-छात्राओं को नशामुक्त जीवन अपनाने एवं समाज को नशामुक्त बनाने की शपथ दिलाई। उन्होंने बताया कि तंबाकू उत्पाद अधिनियम, 2003 (COTPA-2003) की धारा-4 के अंतर्गत सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान करना प्रतिबंधित है तथा उल्लंघन करने पर 1000 रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है।
इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग से सोशल वर्कर श्री छोटेलाल दास, विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। सभी ने स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार एवं समाज को मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग देने का संकल्प लिया।






0 Comments