गिरिडह में मुहर्रम पर्व को लेकर जिले में शांति, सौहार्द और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से गुरुवार को जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन ने शहर में संयुक्त फ्लैग मार्च निकाला। बड़ा चौक से शुरू हुआ यह मार्च विभिन्न प्रमुख मार्गों से होते हुए पचंबा तक पहुंचा। फ्लैग मार्च के दौरान अधिकारियों ने लोगों से भाईचारे के साथ पर्व मनाने तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।
फ्लैग मार्च में उपायुक्त रामनिवास यादव और पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार स्वयं मौजूद रहे। उनके साथ अनुमंडल पदाधिकारी धीरेन्द्र प्रसाद साह, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी जितवाहन उरांव, अंचल अधिकारी जितेंद्र प्रसाद, डीएसपी-1 नीरज कुमार सिंह, डीएसपी-2 आर.के. राणा, नगर थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह, मुफ्फसिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो, पचंबा थाना प्रभारी राजीव कुमार सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी एवं सुरक्षा बल के जवान शामिल हुए।
मार्च के दौरान सुरक्षा व्यवस्था का जायजा भी लिया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि मुहर्रम के दौरान जिलेभर में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती रहेगी और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। साथ ही सोशल मीडिया पर फैलने वाली भ्रामक सूचनाओं से बचने और किसी भी अप्रिय स्थिति की जानकारी तत्काल प्रशासन को देने की अपील की गई।






0 Comments