गिरिडीह, उपायुक्त, रामनिवास यादव के निर्देशानुसार झारखण्ड सरकार के तत्वावधान में Jharkhand State Livelihood Promotion Society (JSLPS) द्वारा आज एक स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना, जरूरतमंद मरीजों के लिए पर्याप्त रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना तथा मानव सेवा की भावना को सशक्त बनाना था। रक्तदान शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वेच्छा से रक्तदान किया। इस दौरान JSLPS प्रबंधक, जेवियर एक्का ने भी स्वयं रक्तदान किया। इसमें JSLPS के पदाधिकारियों, कर्मचारियों एवं सहयोगी संस्थाओं ने सक्रिय भूमिका निभाई। इस दौरान रक्तदाताओं ने यह संदेश दिया कि रक्तदान न केवल किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन की रक्षा करता है, बल्कि यह मानवता के प्रति हमारी सामाजिक जिम्मेदारी और संवेदनशीलता का भी प्रतीक है। शिविर के दौरान उपस्थित सभी रक्तदाताओं ने दूसरों के जीवन को बचाने के इस महापुण्य कार्य में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाई। वंही इसे लेकर के उपायुक्त, रामनिवास यादव ने रक्तदाताओं के इस सराहनीय प्रयास की प्रशंसा करते हुए कहा कि रक्तदान महादान है। एक यूनिट रक्त किसी गंभीर रूप से बीमार या दुर्घटनाग्रस्त व्यक्ति के लिए जीवन का आधार बन सकता है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों, विशेषकर युवाओं से नियमित एवं स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आने की अपील की तथा कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सेवा, सहयोग और मानवीय मूल्यों को मजबूत करते हैं।




0 Comments