गिरिडीह के पाचंबा स्थित सलैया (SLIA) रेलवे स्टेशन पर प्रमुख ट्रेनों के ठहराव एवं रेल सुविधाओं के विस्तार को लेकर चल रहे जनआंदोलन को एक नई दिशा मिली है। सलैया संघर्ष मोर्चा के प्रतिनिधिमंडल ने संगठन के वरिष्ठ सहयोगी मुकेश चंद्रवंशी के मार्गदर्शन में संजीव कुमार गुड्डू के नेतृत्व में संसदीय कार्यालय सचिव, भाजपा नई दिल्ली एवं कमल संदेश के संपादक शिवशक्ति बक्शी से गिरिडीह कैंप में मुलाकात कर क्षेत्र की रेल संबंधी मांगों का विस्तृत ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन के माध्यम से आसनसोल–हटिया इंटरसिटी एक्सप्रेस (13513/13514) तथा गोड्डा–नई दिल्ली एक्सप्रेस (14049/14050) का सलैया स्टेशन पर नियमित ठहराव सुनिश्चित करने की मांग रखी। साथ ही कोडरमा महेशमुंडा पैसेंजर ट्रेन का मधुपुर तक विस्तार कर गिरिडीह क्षेत्र को बेहतर रेल संपर्क उपलब्ध कराने का आग्रह भी किया। वंही इन
मांगों पर गंभीरता से चर्चा करते हुए शिवशक्ति बक्शी ने कहा कि यह विषय पूर्व में भी उनके संज्ञान में आ चुका है और रेल मंत्री के समक्ष भी इस पर चर्चा हुई है। उन्होंने संघर्ष मोर्चा को आश्वस्त करते हुए कहा, "इस बार मैं स्वयं आप लोगों को दिल्ली बुलाऊंगा अथवा अपने साथ लेकर चलूंगा औरआपकी मांगों को उचित स्तर तक पहुंचाने का पूरा प्रयास किया जाएगा।" उनके इस आश्वासन से प्रतिनिधिमंडल में नई ऊर्जा और विश्वास का संचार हुआ।
इस अवसर पर संजीव कुमार गुड्डू ने कहा कि सलैया की रेल लड़ाई किसी संगठन या व्यक्ति विशेष की नहीं, बल्कि पूरे गिरिडीह क्षेत्र की जनता की आवाज है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि संगठित प्रयासों और जनसमर्थन के बल पर इस बार सकारात्मक परिणाम अवश्य प्राप्त होगा। उन्होंने यह भी कहा कि पारसनाथ स्टेशन पर वंदे भारत एक्सप्रेस के ठहराव की दिशा में हुए सफल प्रयासों की तरह ही सलैया की मांगों को भी मजबूती से आगे बढ़ाया जाएगा।
बैठक में सलैया संघर्ष मोर्चा के सक्रिय सदस्य गौतम सोनी, मिथलेश पांडेय, सनी चौरसिया, अमित छापरिया एवं संतोष पांडे भी उपस्थित रहे।
सलैया संघर्ष मोर्चा ने कहा कि यह आंदोलन केवल ट्रेनों के ठहराव तक सीमित नहीं है, बल्कि गिरिडीह के विकास, रोजगार, शिक्षा, पर्यटन और बेहतर रेल कनेक्टिविटी से जुड़े लाखों लोगों के भविष्य का प्रश्न है। संगठन ने विश्वास जताया कि अब यह जनआवाज दिल्ली तक मजबूती से पहुंच चुकी है और आने वाले समय में क्षेत्रवासियों को सकारात्मक एवं ठोस परिणाम देखने को मिलेंगे।



0 Comments