Translate

सीएसआर के तहत बेरमो अनुमंडल के विभिन्न पंचायतों में होगा 25 मार्डन लाइब्रेरी की स्थापना

सीएसआर के तहत बेरमो अनुमंडल के विभिन्न पंचायतों में होगा 25 मार्डन लाइब्रेरी की स्थापना

===================

विद्यालयों/पंचायतों में स्थापित होने वाले पुस्तकालय के लिए संचालन समिति का होगा गठन

 ===================

गुरूजी रात्रि पाठशाला के बेहतर संचालन को लेकर भी जरूरी दिशा - निर्देश, चास नगर निगम - फुसरो नगर परिषद के विभिन्न वार्डों में शुरू होगा मोहल्ला लाइब्रेरी

==================

समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में उपायुक्त श्री अजय नाथ झा ने की पुस्तकालय स्थापना को लेकर समिति सदस्यों के साथ बैठक, दिया अहम दिशा - निर्देश

===================

समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में उपायुक्त (डीसी) श्री अजय नाथ झा की अध्यक्षता में सीएसआर (कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी) के तहत सीसीएल-एनसीआरएपी के सौजन्य से पुस्तकालय स्थापना को लेकर समिति सदस्यों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में बेरमो अनुमंडल के विभिन्न पंचायतों में कुल 25 मॉडर्न लाइब्रेरी स्थापित करने की योजना पर विस्तार से चर्चा की गई।

उपायुक्त ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक संसाधन उपलब्ध कराना तथा विद्यार्थियों, युवाओं एवं आमजन में पठन-पाठन की संस्कृति को प्रोत्साहित करना है। मौके पर उप विकास आयुक्त (डीडीसी) श्रीमती शताब्दी मजूमदार, जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) श्री जगरनाथ लोहरा,जिला खनन पदाधिकारी श्री रवि कुमार, जिला शिक्षा अधीक्षक (डीएसई) श्री अतुल कुमार चौबे, सीएसआर नोडल पदाधिकारी श्री शक्ति कुमार, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह आदि उपस्थित थे।

संचालन के लिए समिति गठन का निर्देश

पुस्तकालयों के सुचारू एवं प्रभावी संचालन के लिए एक संचालन समिति का गठन किया जाएगा। इस समिति की वरीय पदाधिकारी उप विकास आयुक्त (डीडीसी) होंगी, जो समग्र निगरानी एवं मार्गदर्शन प्रदान करेंगी। समिति में संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को भी शामिल किया जाएगा, ताकि कार्यों का समन्वय बेहतर ढंग से किया जा सके।

विद्यालय आधारित पुस्तकालयों की जिम्मेदारी तय

विद्यालय परिसरों में स्थापित होने वाले पुस्तकालयों के संचालन की जिम्मेदारी जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) सह जिला शिक्षा अधीक्षक (डीएसई) को सौंपी जाएगी। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि विद्यालय स्तर पर पुस्तकालयों का उपयोग अधिकतम हो, इसके लिए नियमित रूप से विद्यार्थियों को प्रेरित किया जाए तथा पठन-पाठन से संबंधित गतिविधियों का आयोजन किया जाए।

चास एवं फुसरो में मोहल्ला लाइब्रेरी की शुरुआत

बैठक में शहरी क्षेत्रों में अध्ययन सुविधाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से चास नगर निगम एवं फुसरो नगर परिषद के विभिन्न वार्डों में मोहल्ला लाइब्रेरी शुरू करने का निर्णय लिया गया। इन लाइब्रेरी के माध्यम से स्थानीय युवाओं, छात्रों एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को लाभ मिलेगा।

गुरूजी रात्रि पाठशाला को मिलेगा नया आयाम

बैठक में गुरूजी रात्रि पाठशाला के बेहतर एवं प्रभावी संचालन पर भी विशेष चर्चा की गई। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि रात्रि पाठशालाओं में अध्ययन सामग्री, उपस्थिति एवं शिक्षण व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाए, ताकि वंचित एवं कामकाजी वर्ग के लोग भी शिक्षा से जुड़ सकें।

समयबद्ध क्रियान्वयन पर दिया जोर

उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि पुस्तकालय स्थापना से जुड़ी सभी प्रक्रियाओं को समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि यह पहल शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी और समाज के सभी वर्गों को इसका लाभ मिलेगा। 

Post a Comment

0 Comments