Translate

बोकारो एयरपोर्ट संचालन को लेकर उपायुक्त ने की विस्तृत समीक्षा

बोकारो एयरपोर्ट संचालन को लेकर उपायुक्त ने की विस्तृत समीक्षा

===================

15 बिंदुओं पर प्रगति की समीक्षा, समयबद्ध कार्य पूर्ण करने का दिया निर्देश

===================

बोकारो एयरपोर्ट के संचालन को लेकर उपायुक्त (डीसी) श्री अजय नाथ झा ने समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में संबंधित विभागों के पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। मौके पर पुलिस अधीक्षक श्री नाथू सिंह मीना, अपर समाहर्ता मो. मुमताज अंसारी, वन पदाधिकारी श्री संदीप शिंदे आदि उपस्थित थे। बैठक में एयरपोर्ट से जुड़े विभिन्न कार्यों की प्रगति का विस्तृत आकलन किया गया तथा शेष कार्यों को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण करने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने कुल 15 महत्वपूर्ण बिंदुओं पर क्रमवार समीक्षा करते हुए सभी संबंधित एजेंसियों को समन्वय के साथ कार्य में तेजी लाने को कहा।

सुरक्षा एवं आधारभूत संरचना पर विशेष जोर

दुंडीबाग क्षेत्र में अतिक्रमण मुक्त क्षेत्र की बैरिकेटिंग 15 मई तक कराने एवं पुलिस पिकेट निर्माण हेतु बीएसएल प्रबंधन को कहा। एयरपोर्ट क्षेत्र की सुरक्षा सुदृढ़ करने के लिए दुंडीबाग क्षेत्र समेत पूरे शहर में 15 जून तक सीसीटीवी अधिष्ठापन, प्रशिक्षित पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति तथा फायर ब्रिगेड के नियमित परीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

तकनीकी एवं प्रशासनिक प्रक्रियाओं में प्रगति

बैठक में संबंधित पदाधिकारियों ने कहा कि एएआई एवं बीएसएल के बीच एमओयू के नवीनीकरण की प्रक्रिया जारी है। एएआई द्वारा उपलब्ध कराए गए नक्शों में आवश्यक संशोधन किया जा रहा है। इसके अलावा बम थ्रेट कंटिजेंसी प्लान, सिक्योरिटी वेटिंग, बीसीएएस सुरक्षा क्लियरेंस तथा डीजीसीए लाइसेंस से संबंधित प्रक्रियाएं भी प्रगति पर हैं। उपायुक्त ने मासांत तक कार्यों को पूरा करने को कहा।

आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश

एयरपोर्ट के लिए 08 एंबुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित है, 02 एयरक्राफ्ट वाहनों की तैनाती तथा सीटीओ स्वीकृति प्राप्त करने की दिशा में कार्रवाई जारी है। साथ ही, सतनपुर पहाड़ी पर उच्च तीव्रता वाले फ्लैश/ऑब्स्ट्रक्शन लाइट का क्रय कर लिया गया है, उसका अधिष्ठापन 07 मई तक करने को कहा।

बैठक में बीएसएल प्रबंधन द्वारा बताया गया कि एयरपोर्ट परिसर में झाड़ियों की साफ-सफाई कराई जा रही है। उपायुक्त ने रन-वे से 75 किमी तक की जंगल - झाड़ियों का ग्रीडिंग कराने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने कहा कि बोकारो एयरपोर्ट का संचालन जिले की प्राथमिकता है, अतः सभी विभाग निर्धारित समयसीमा का अनुपालन सुनिश्चित करते हुए कार्यों को शीघ्र पूर्ण करें।

बैठक में बीएसएल के प्रतिनिधि श्री ए.के. तिवारी, एएआई रांची के उप महाप्रबंधक श्री मनोज कुमार, सिविल सर्जन डॉ ए बी प्रसाद,मुख्यालय डीएसपी श्री अनिमेश गुप्ता, डीएलएओ श्री द्वारिका बैठा, डीपीआरओ श्री रवि कुमार, एपीआरओ श्री अविनाश कुमार सिंह सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

Post a Comment

0 Comments