विनय मिश्रा
चतरा जिला के स्थापना दिवस पर 29 मई को झारखंड आंदोलनकारियों को किया जाएगा सम्मानित
झारखंड राज्य गठन आंदोलन में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले जिले के चिन्हित झारखंड आंदोलनकारियों को जिला स्थापना दिवस के अवसर पर 29 मई 2026 शुक्रवार को सम्मानित किया जाएगा। जिला स्तरीय सम्मान समारोह का आयोजन पूर्वाह्न 10 बजे से जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट सह प्रशिक्षण भवन हॉल, चतरा में किया जाएगा।
इस संबंध में उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रवि आनंद द्वारा सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। जारी निर्देश के आलोक में जिले के चिन्हित झारखंड आंदोलनकारियों को जिला एवं प्रखंड स्तर पर सम्मानित किया जाएगा। जिला स्तरीय समारोह में आंदोलनकारियों को अंगवस्त्र एवं सम्मान प्रतीक भेंट कर सम्मानित किया जाएगा। वहीं प्रखंड स्तर पर भी संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी द्वारा आंदोलनकारियों को शॉल एवं मेमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।
उपायुक्त श्री आनंद ने सभी संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रम को गरिमामय, सुव्यवस्थित एवं सम्मानपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि झारखंड राज्य निर्माण आंदोलन में आंदोलनकारियों का योगदान अतुलनीय रहा है तथा उनका सम्मान नई पीढ़ी को राज्य निर्माण के इतिहास एवं संघर्ष से अवगत कराने का भी माध्यम बनेगा।
जिला प्रशासन द्वारा सभी इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया के पत्रकार बंधुओं सहित आमजनों से कार्यक्रम में सहभागिता सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया है।
गौरतलब हो कि उपायुक्त के रूप में रवि आनंद के योगदान देने के पश्चात से चतरा जिला में विकास कार्यों में व्यापक रूप से तेज़ी आई है तथा विकास कार्यों को भरपूर गति मिल रही है जिसका श्रेय उपायुक्त रवि आनंद को जाता है।


0 Comments