गिरिडीह, उपायुक्त, रामनिवास यादव के निर्देशानुसार निषिद्ध मादक पदार्थों के दुरुपयोग एवं अवैध तस्करी के विरुद्ध संचालित राज्यव्यापी जन-जागरूकता अभियान के तहत जिले में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन लगातार किया जा रहा है। इसी क्रम में आज गिरिडीह शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों हटिया बाजार, बस स्टैंड एवं टॉवर चौक पर नुक्कड़ नाटक के माध्यम से आमजनों को नशे के दुष्प्रभावों तथा इसके सामाजिक, आर्थिक एवं स्वास्थ्य संबंधी दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया गया। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से कलाकारों ने प्रस्तुति देते हुए यह संदेश दिया कि नशीले पदार्थों का सेवन व्यक्ति के जीवन, परिवार और समाज के लिए अत्यंत घातक है। प्रस्तुति में बताया गया कि किस प्रकार नशे की लत युवाओं के भविष्य को प्रभावित करती है, पारिवारिक संबंधों को कमजोर बनाती है तथा सामाजिक अपराधों को बढ़ावा देती है। कलाकारों ने जनसामान्य से नशे से दूर रहने तथा दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, दुकानदार, यात्री एवं युवा उपस्थित रहे। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को निषिद्ध मादक पदार्थों के सेवन एवं अवैध तस्करी के विरुद्ध सजग रहने तथा ऐसे मामलों की सूचना प्रशासन को देने के लिए प्रेरित किया गया। वंही
जिला प्रशासन द्वारा संचालित इस अभियान का मुख्य उद्देश्य नशे के प्रति सामाजिक जागरूकता बढ़ाना, युवाओं को सकारात्मक दिशा प्रदान करना तथा नशामुक्त एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में जनसहभागिता सुनिश्चित करना है। प्रशासन ने आमजनों से अपील की है कि वे नशे के विरुद्ध इस जन-अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं और एक सुरक्षित, स्वस्थ एवं नशामुक्त गिरिडीह के निर्माण में अपना योगदान दें।








0 Comments