Translate

उपायुक्त ने डिजिटल कृषि रथ को दिखाई हरी झंडी, पंचायत स्तर पर किसानों को मिलेगी कृषि योजनाओं एवं आधुनिक तकनीकों की जानकारी।

किसानों तक कृषि एवं संबद्ध विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी प्रभावी ढंग से पहुंचाने तथा उन्हें आधुनिक कृषि तकनीकों से अवगत कराने के उद्देश्य से आज दिनांक 20 जून, 2026 को समाहरणालय परिसर से उपायुक्त श्री अजय नाथ झा द्वारा डिजिटल कृषि रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह डिजिटल कृषि रथ जिले के सभी पंचायतों का भ्रमण करते हुए किसानों को सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराएगा।

मौके पर जिला कृषि पदाधिकारी मो. शाहिद, जिला सहकारिता पदाधिकारी श्री ऋतुराज प्रसाद, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री रवि कुमार, जिला भूमि संरक्षण पदाधिकारी श्री शशि रंजन, जिला पशुपालन पदाधिकारी, उप परियोजना निदेशक (आत्मा), कृषि विभाग एवं आत्मा के एटीएम, बीटीएम सहित बड़ी संख्या में प्रगतिशील किसान उपस्थित थे।

डिजिटल कृषि रथ का संचालन दिनांक 20 जून 2026 से 04 जुलाई 2026 तक किया जाएगा। इस अवधि में रथ जिले के सभी प्रखंडों एवं पंचायतों का भ्रमण करेगा। रथ में लगाए गए अत्याधुनिक डिजिटल प्रोजेक्टर एवं ऑडियो-वीडियो उपकरणों के माध्यम से किसानों को भारत सरकार एवं झारखंड सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कृषि योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। साथ ही किसानों को प्राकृतिक खेती, जैविक खेती, फसल विविधीकरण, कृषि यंत्रीकरण, मृदा स्वास्थ्य प्रबंधन, सूक्ष्म सिंचाई, पशुपालन, मत्स्य पालन, सहकारिता, किसान उत्पादक संगठन (एफपीओ), कृषि ऋण, किसान क्रेडिट कार्ड तथा अन्य कार्यक्रमों से संबंधित जानकारी भी प्रदान की जाएगी।

डिजिटल कृषि रथ के माध्यम से किसानों को योजनाओं के लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया, आवेदन की विधि, पात्रता मानदंड एवं विभागीय सहायता से संबंधित आवश्यक जानकारी सरल एवं आकर्षक तरीके से उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अतिरिक्त कृषि क्षेत्र में सफल किसानों की उपलब्धियों एवं नवाचारों को भी प्रदर्शित किया जाएगा ताकि अन्य किसान उनसे प्रेरणा लेकर आधुनिक कृषि पद्धतियों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित हो सकें।

कार्यक्रम के तहत प्रत्येक दिन किसी एक पंचायत में कृषक गोष्ठी का आयोजन भी किया जाएगा। इन गोष्ठियों में कृषि विशेषज्ञों एवं विभागीय अधिकारियों द्वारा किसानों को खरीफ मौसम की खेती, उन्नत बीजों का चयन, संतुलित उर्वरक उपयोग, कीट एवं रोग प्रबंधन, जल संरक्षण तथा कृषि आधारित आयवर्धन गतिविधियों के संबंध में तकनीकी मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा। साथ ही किसानों की समस्याओं एवं जिज्ञासाओं का समाधान भी किया जाएगा।

उपायुक्त श्री अजय नाथ झा ने कहा कि कृषि क्षेत्र के समग्र विकास एवं किसानों की आय वृद्धि के लिए यह पहल अत्यंत महत्वपूर्ण है। डिजिटल कृषि रथ के माध्यम से दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों के किसानों तक भी योजनाओं एवं नई तकनीकों की जानकारी पहुंचेगी, जिससे वे सरकारी योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठा सकेंगे तथा वैज्ञानिक खेती को अपनाकर अपनी उत्पादकता एवं आय में वृद्धि कर सकेंगे।

जिला कृषि पदाधिकारी मो. शाहिद ने बताया कि डिजिटल कृषि रथ अभियान का मुख्य उद्देश्य किसानों तक योजनाओं की सही एवं समयबद्ध जानकारी पहुंचाना तथा उन्हें कृषि विकास कार्यक्रमों से जोड़ना है। उन्होंने जिले के सभी किसानों से अपील की कि वे अपने-अपने पंचायतों में आयोजित कृषक गोष्ठियों में सक्रिय रूप से भाग लें तथा कृषि विभाग एवं संबद्ध विभागों द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ प्राप्त करें।

Post a Comment

0 Comments