जंगली मशरूम (खुखड़ी) की पहचान के बिना सेवन न करें : खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी, बोकारो-3
खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी, बोकारो-3 द्वारा जरीडीह, फुसरो एवं चंद्रपुरा के होटलों का किया गया औचक निरीक्षण
बोकारो, 07 जुलाई 2026: अभिहित पदाधिकारी सह अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी सह सिविल सर्जन, बोकारो डॉ. अभय भूषण प्रसाद के निर्देशानुसार खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी, बोकारो-3 श्री मो. एहसान आलम ने जिला तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम, बोकारो के जिला सलाहकार मो. असलम एवं अपनी टीम के साथ जरीडीह, फुसरो तथा चंद्रपुरा क्षेत्र के 53 होटल एवं खाद्य प्रतिष्ठानों का संयुक्त औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 तथा खाद्य सुरक्षा एवं मानक नियम/विनियम, 2011 के विभिन्न प्रावधानों के अनुपालन की जांच की गई। साथ ही सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम (COTPA)-2003 की धारा 4 एवं धारा 6(क) तथा 6(ख) के तहत भी निरीक्षण किया गया।
जांच के दौरान 8 प्रतिष्ठानों में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 एवं नियम/विनियम, 2011 के प्रावधानों का उल्लंघन पाया गया, जिन्हें सुधार हेतु नोटिस जारी किया गया। वहीं COTPA-2003 की धारा 4 का अनुपालन नहीं करने वाले 10 होटल संचालकों के विरुद्ध चालान करते हुए कुल ₹5,400 का अर्थदंड लगाया गया।
खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी, बोकारो-3 श्री मो. एहसान आलम ने बताया कि निरीक्षण के दौरान कई होटल एवं रेस्टोरेंट में साफ-सफाई की कमी, खाद्य लाइसेंस का प्रदर्शन नहीं करना, पैक्ड खाद्य पदार्थों पर आवश्यक लेबलिंग का अभाव, खुले डस्टबिन का उपयोग तथा धूम्रपान निषेध (No Smoking Area) संबंधी बोर्ड एवं दीवार लेखन नहीं पाया गया। संबंधित संचालकों को नोटिस जारी करते हुए शीघ्र सुधार करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि जंगली मशरूम (खुखड़ी) की पहचान किए बिना उसका सेवन बिल्कुल न करें, क्योंकि यह स्वास्थ्य के लिए अत्यंत खतरनाक हो सकता है। विषैले मशरूम के सेवन से फूड पॉइजनिंग, उल्टी, दस्त, चक्कर तथा अन्य गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं। इसलिए केवल सुरक्षित एवं प्रमाणित खाद्य पदार्थों का ही सेवन करें तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाएं।औचक निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी, बोकारो-3 श्री मो. एहसान आलम, जिला तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम, बोकारो के जिला सलाहकार मो. असलम, आनंद कुमार सहित अन्य टीम के सदस्य उपस्थित थे।










0 Comments